रायपुर, 30 मार्च 2011
राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने कल रात यहां विधानसभा परिसर में आयोजित ‘उत्कृष्टता अलंकरण समारोह 2011′ में विधायक द्वय श्री मोहम्मद अकबर और श्री संतोष बाफना को उत्कृष्ट विधायक और संसदीय रिपोर्टिंग के लिए दैनिक भास्कर के श्री शिव दुबे और इलेक्ट्रानिक समाचार टी.व्ही. चैनल जी-24 घण्टे छत्तीसगढ़ की संवाददाता श्रीमती प्रियंका कौशल को उत्कृष्ट अलंकरण प्रदान किए।विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अतिविशिष्ट अतिथि और विधानसभा उपाध्यक्ष श्री नारायण चंदेल, संसदीय कार्य मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल तथा नेता प्रतिपक्ष श्री रविन्द्र चौबे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। समारोह का आयोजन विधानसभा सचिवालय द्वारा किया गया।
समारोह में राज्यपाल श्री दत्त, विधानसभा अध्यक्ष श्री कौशिक और मुख्यमंत्री डॉ. सिंह सहित
अतिथियों ने उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से विधायक द्वय श्री मोहम्मद अकबर और श्री संतोष बाफना को तथा उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए दैनिक भास्कर के श्री शिव दुबे और इलेक्ट्रानिक समाचार टी.व्ही. चैनल जी-24 घण्टे छत्तीसगढ़ की संवाददाता श्रीमती प्रियंका कौशल को सम्मानित किया। इस अवसर पर राष्ट्रकुल दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय द्वारा शालेय छात्र-छात्राओं के लिए महिलाओं की बदलती स्थिति विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। छात्रा वर्ग में दुर्ग के सन साईन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा कुमारी काजल होतवानी और छात्र वर्ग में दुर्ग जिले के पाटन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र श्री योगेन्द्र निर्मल को राज्यपाल ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। समारोह में राज्यसभा सांसद और प्रसिध्द फिल्म अभिनेत्री श्रीमती हेमामालिनी ने अपनी सुपुत्रियों ईशा और आहना के साथ नृत्य नाटिका ‘परम्परा’ की मनमोहक प्रस्तुति दी।
समारोह को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छत्तीसगढ़ की विकास की दिशा तय करने में पूरी जिम्मेदारी के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मीडिया ने भी विधानसभा के कार्यो की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने और आम जनता को जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभायी है। विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्यों ने जन-आकांक्षाओं के अनुरूप छत्तीसगढ़ विधानसभा को प्रदेश के जनकल्याण के महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में स्थापित करने में सफलता पायी है। उन्होंने बताया कि विधानसभा द्वारा वर्ष 2001 से उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार, वर्ष 2004-05 से संसदीय रिपोर्टिंग के लिए उत्कृष्ट पत्रकार पुरस्कार और इस वर्ष से इलेक्ट्रानिक मीडिया मेें भी उत्कृष्ट रिपोर्टर पुरस्कार प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि उच्च संसदीय परम्पराओं के निर्वहन में छत्तीसगढ़ की विधानसभा ने पूरे देश में एक मिसाल कायम की है। हमारी विधानसभा ने अन्य राज्यों की विधानसभाओं को भी उत्कृष्टता का रास्ता दिखाया है। राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष सहित सभी विशिष्टजनों ने इस अवसर पर उत्कृष्टता अलंकरण प्राप्त विधायकों और पत्रकारों को बधाई और शुभकामनाएं दी। संसदीय कार्य मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष श्री रविन्द्र चौबे ने भी समारोह को सम्बोधित किया। संसदीय कार्य मंत्री ने आभार व्यक्त किया।
























