स्वतंत्रता दिवस समारोह में शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों का सम्मान
रायपुर, 15 अगस्त 2011

Public Works Minister, Mr. Brij Mohan Agarwal hoisting the flag at Mahasamund.
छत्तीसगढ़ के महासमुन्द जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री तथा महासमुन्द जिले के प्रभारी श्री बृजमोहन अग्रवाल ने जिला मुख्यालय महासमुन्द के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। समारोह में सुरक्षा बलों की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा आकर्षक परेड किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
स्कूल शिक्षा मंत्री सुबह ठीक 8.58 मिनट पर मुख्य समारोह स्थल पहुंचे। उन्होंने ध्वाजारोण करने के बाद परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह में 13 प्लाटूनों द्वारा मार्च पास्ट किया गया। मार्च पास्ट के बाद जिले के 15 शहीद पुलिस कर्मियों के आश्रित परिवारों के सदस्यों को शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया। ग्राम पतेरापाली के शहीद पुलिस कर्मी श्री ललित बुड़ेक, ग्राम खुसरूपाली के श्री राजेंद्र दीवान और श्री ताराचंद निर्मलकर, पिथौरा के श्री प्रमोद पटेल, छिबर्रा के श्री नोहरसिंह ठाकुर, बगारपाली के श्री शकुरसिंह ठाकुर के परिवारजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा परसदा के शहीद पुलिस कर्मी श्री घनश्याम सिंह ठाकुर, बुंदेली के श्री कमलेश सोनवानी, पण्डरीपानी के श्री खगेंद्र कश्यप, पेण्ड्रावन के श्री ऋषिकेश विशाल, आमापाली के श्री गौरहरि साव, खेमड़ा के श्री सत्यनारायण बगरती, उड़ेला के श्री लालबहादुर नाग, खुरसीपहार के श्री श्याम लाल भोई और ग्राम नवांगांव के श्री चंदन सिंह पोर्ते के आश्रित परिवार के मुखिया को सम्मानित किया गया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री सोहन लाल जी जैन को भी शाल एवं श्रीफल से सम्मानित किया गया।
मुख्य समारोह में महासमुंद के छह स्कूलों के बच्चों ने एक लय में 12 प्रकार के व्यायाम का प्रदर्शन

Shri Brijmohan Agrawal addressing public after unfurling the national Flag.
किया। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई। समारोह में मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद, द्वितीय स्थान ब्ले-लॉक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद और तृतीय स्थान शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद को मिला। मार्च पास्ट के लिए वरिष्ठ समूह (रनिंग शील्ड) में प्रथम स्थान नगर सेना, द्वितीय स्थान सीनियर डिवीजन एन.सी.सी. एवं तृतीय स्थान जिला बल को मिला। इसी तरह कनिष्ठ समूह (रनिंग शील्ड) में प्रथम स्थान जूनियर डिवीजन एन.सी.सी., द्वितीय स्थान एन.एस.एस बालक और तृतीय स्थान स्काउट को प्राप्त हुआ। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी एवं हाईस्कूल परीक्षा में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्य अतिथि श्री अग्रवाल द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें शिशु संस्कार केंद्र, महासमुंद की कुमारी मोनिका नामदेव को माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में 96.83 प्रतिशत के साथ छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान में आने पर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। शिशु संस्कार केंद्र, महासमुंद की ही कुमारी कविता दीवान को हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश मे छठवां स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा श्री टीकमचंद को हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में सातवें स्थान प्राप्त करने, कुमारी निकिता जैन को हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में नवम् स्थान प्राप्त करने, कुमारी जागृति पटेल को हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में आठवें स्थान पर आने, कुमारी सोनल चंद्राकर को हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में नवम् स्थान प्राप्त करने, कुमारी नेहा पटेल को हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में गृह विज्ञान संकाय में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त करने और एस.यू.ओ रोशन लाल साहू को गणतंत्र दिवस समारोह वर्ष 2011 में नई दिल्ली में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने पर प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।

15th August Celebration at Mahasamund.
इसके अलावा सी.डी.टी श्री वेदप्रकाश सोनी को गणतंत्र दिवस समारोह वर्ष 2011 में नई दिल्ली में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने, शिक्षाकर्मी वर्ग दो श्री अनिल प्रधान को प्रेरकशाला विकसित करने में योगदान देने तथा कुष्ठ मुक्ति महाभियान कार्यक्रम में उत्कृष्ठ कार्य करने हेतु एन.एम.ए श्री ए.आर.साहू, श्री ए.प्रधान, श्री एन.एन.सरपार, श्री बी.एल.साहेब, फिजियोथेरेपिस्ट श्री राजेंद्र शर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधायक श्री अग्नि चन्द्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आम नागरिकगण व स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए।