श्री बृजमोहन अग्रवाल स्काउट्स-गाइड्स की राज्य परिषद के निर्विरोध अध्यक्ष बने
छत्तीसगढ़ में स्काउट्स-गाइड्स की गतिविधियां बढ़ाने पर दिया जोर
रायपुर, 23 जनवरी 2012। भारत स्काउट्स-गाइड्स की राज्य परिषद के नव-निर्वाचित अध्यक्ष एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्काउट्स-गाइड्स की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे राज्य को देश में नयी पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्काउट्स-गाइड्स के साथ-साथ नेशनल कैडेट कोर (एन.सी.सी.) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के क्रियाकलापों से युवाओं में अनुशासन और सेवा की भावना बढ़ती है। उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक स्कूल को स्काउट्स-गाइड्स से सक्रियता से जोड़ने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा अधिक से अधिक स्कूली बच्चों को इस संगठन का सदस्य बनाया जाए। श्री अग्रवाल आज यहां वृंदावन हाल में भारत स्काउट्स-गाइड्स की राज्य परिषद के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर आज भारत स्काउट्स-गाइड्स की छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हुआ। सभी पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के बाद नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल परिषद के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष के रूप में आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, राज्य महिला समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चन्द्राकर सहित डॉ. अजय राव, राजेश अग्रवाल तथा श्री रमेश ठाकुर निर्वाचित घोषित किए गए। श्री जी. स्वामी राज्य मुख्य आयुक्त निर्वाचित हुए। मुख्य वन संरक्षक श्री राकेश चतुर्वेदी राज्य परिषद के कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। भारत स्काउट्स-गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय के प्रतिनिधि श्री अरूण सरकार की उपस्थिति में राज्य परिषद की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई। निर्वाचन अधिकारी श्री आर.के.पी. वर्मा द्वारा अध्यक्ष और उपाध्यक्षों के अलावा अन्य समितियों तथा प्रतिनिधियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा किए जाने के बाद राष्ट्रीय मुख्यालय के प्रतिनिधि श्री सरकार ने सभी पदाधिकारियों को प्रतिज्ञा दिलायी।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में प्रदेश भर से आए स्काउट्स-गाइड्स के जिला प्रतिनिधियों, स्काउट्स, गाइड्स, रोबर्स और रेंजर्स को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब मिलजुकर छत्तीसगढ़ में स्काउट-गाइड्स को नयी ऊंचाईयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी में आत्म अनुशासन और आत्म गौरव बढ़ाने के लिए स्काउट-गाइड्स के प्रशिक्षण की जरूरत है। राज्य परिषद के उपाध्यक्ष द्वय डॉ. अजय राव, श्री राजेश अग्रवाल तथा राज्य मुख्य आयुक्त श्री जी. स्वामी ने भी अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ में भारत स्काउट्स-गाइड्स का विस्तार करने की बात कही।
तिरुपति मे छत्तीसगढ़ भवन हेतु स्थान मांगा बृजमोहन ने
तिरुमल्ला ट्रस्ट के चेयरमेन ने की पर्यटन मंत्री से सौजन्य मुलाक़ात
रायपुर 22 जनवरी 2012। प्रदेश के लोकनिर्माण, स्कूल शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से तिरुमल्ला ट्रस्ट के चेयरमेन के. बाती राजू व पूर्व चेयरमेन आदिकेशवलु ने शंकर नगर स्थित निवास पर सौजन्य मुलाक़ात की। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने तिरुमल्ला मे छत्तीसगढ़ भवन निर्माण हेतु स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।
पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ मे प्रतिवर्ष होने वाले राजिम कुंभ मेले की जानकारी देते हुए कहा की देश मे चार कुंभ ईश्वर द्वारा बनाए गए है छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम मे होने वाले इस कुंभ को मानव द्वारा बनाया गया है। तिरुपति मंदिर ट्रस्ट के चेयरमेन एक निजी आयोजन मे शामिल होने रायपुर प्रवास पर आए हुए है इसी दौरान रविवार शाम उन्होने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से मुलाक़ात की। छत्तीसगढ़ के धार्मिक महत्तव के बारे मे बताते हुए संस्कृति मंत्री ने उन्हे बताया की यह माता कौशल्या की जन्म स्थली और भगवान श्री राम के वन गमन मार्ग भी है।
छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए तिरुपति मंदिर ट्रस्ट के चेयरमेन से उन्होने छत्तीसगढ़ भवन बनाने हेतु तिरुमल्ला मे स्थान उपलब्ध कराने का आग्रह किया इस पर श्री राजू ने उन्हे विचार करने का आश्वासन दिया ।
इस अवसर पर तिरुपति ट्रस्ट के पूर्व चेयरमेन आदिकेशवलु, बालाजी विद्या मंदिर के संचालक जी. स्वामी भारतीय जनता युवा मोर्चा के शहर अध्यक्ष संजुनारायण सिंह ठाकुर सहित गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री शामिल हुए कन्या महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में
रायपुर 20 जनवरी 2012
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विश्वव्यापी प्रतिस्पर्धा के वर्तमान दौर में छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ समुचित मार्गदर्शन की जरूरत है। सुखद भविष्य और रोजगार के लिए सही मार्गदर्शन मिलेगा तो विद्यार्थी अपने भविष्य की राह खुद बना लेंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं के अच्छे भविष्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी शिक्षकों पर होती है। शिक्षक-शिक्षिकाएं अपनी जिम्मेदारियों को समझें और नयी पीढ़ी का मार्गदर्शन करें। श्री अग्रवाल आज यहां कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय देवेन्द्र नगर में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में इस आशय के विचार व्यक्त किए। स्कूल शिक्षा मंत्री ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर समारोह का शुभारंभ किया। श्री अग्रवाल ने समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेलकूद में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सिन्धी साहित्य संस्था के अध्यक्ष श्री मुरलीधर माखीजा, उपाध्यक्ष श्री प्रहलाद राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिकगण एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने छात्राओं को वार्षिकोत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस महाविद्यालय की प्रगति में वे पहले के तरह भविष्य में भी सहयोग करते रहेंगे। श्री अग्रवाल ने महाविद्यालय की 29 वर्ष यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि यहां की अनेक छात्राओं ने अपनी प्रतिभा के बल पर प्रदेश और देश में पहचान बनायी है और महाविद्यालय का नाम रौशन किया है। श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर शैक्षणिक संस्थाओं में शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार और भारतीय संस्कृति की शिक्षा पर जोर दिया। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में ही परिवार, समाज और देश के प्रति त्याग की सीख मिलती है। यह सीख हमारे देश की बहुमूल्य धरोहर है। श्री अग्रवाल ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाओं में एकेडेमिक सत्र के अलावा ऐसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां चलायी जानी चाहिए, इससे विद्यार्थियों में आत्म विश्वास और समाज के प्रति समर्पण की भावना मजबूत होगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती संध्या वर्मा ने प्रतिवेदन में महाविद्यालय की विकास यात्रा और शिक्षा सत्र 2011-12 में महाविद्यालय परिवार के सदस्यों की उपलब्धियों की जानकारी दी। छात्राओं ने मां सरस्वती वन्दना, स्वागत गान के साथ-साथ आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। समारोह में महाविद्यालय की छात्राओं के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
रायपुर 20 जनवरी 2012
राज्य शासन ने राजधानी रायपुर के खमतराई से गुढ़ियारी मार्ग का उन्नयन करने का निर्णय लिया है। इस कार्य के लिए एक करोड़ 25 लाख 29 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गयी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से इस स्वीकृति का आदेश पिछले सप्ताह जारी कर दिया गया है। इस मार्ग की लम्बाई लगभग 1.60 किलोमीटर है। उन्नयन कार्य के तहत इसकी चौड़ाई बढ़ाकर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस मार्ग के उन्नयन के लिए जरूरी कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं।
रायपुर, 19 जनवरी 2012
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के राजधानी रायपुर स्थित राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत अधिनस्थ कार्यालयों में प्रथम अपीलीय अधिकारियों एवं लोक सूचना अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
इस संबंध में गत सप्ताह जारी आदेश के अनुसार राज्य परियोजना कार्यालय में श्री के कुमार उप संचालक को प्रथम अपीलीय अधिकारी तथा श्री एम.के. प्रुर्थी उप संचालक को प्रथम अपीलीय अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना कार्यालयों में जिला शिक्षा अधिकारियों/जिला परियोजना अधिकारियों को प्रथम अपीलीय अधिकारी तथा सहायक जिला परियोजना अधिकारियों को लोक सूचना अधिकारी का दायित्व दिया गया है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी/जिला परियोजना अधिकारी प्रथम अपीलीय अधिकारी होंगे। इन कार्यालयों में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को लोक सूचना अधिकारी नियुक्त किया गया है।
रायपुर, 19 जनवरी 2012
राज्य शासन ने कोरबा जिले की दो नदियों में उच्च स्तरीय पुल बनाने का निर्णय लिया है। इन पुलों के लिए पांच करोड़ 77 लाख 88 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से दोनों पुलों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कोरबा जिले के पोड़ी-बांगों मार्ग में तान नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए तीन करोड़ 25 लाख 62 हजार रूपए तथा छूरी-कसरेंगा मार्ग में अहिरन नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए दो करोड़ 52 लाख 26 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं।
बूढ़ातालाब में वाटर स्पोर्ट्स और अन्य कार्यो के लिए चार करोड़ रूपए का प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के संचालक मण्डल की बैठक में अनेक प्रस्तावों का अनुमोदन
रायपुर, 17 जनवरी 2012/ पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में यहां आयोजित छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के संचालक मंडल की बैठक में राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक विवेकानंद सरोवर (बूढ़ा तालाब) में वाॅटर स्पोटर्स सहित तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए चार करोड़ रूपए की लागत से अधोसंरचनाएं विकसित करनेे के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। सभी कार्य पर्यटन नीति के अनुरूप मैनेजमेंट कान्टेक्ट योजना के तहत प्रस्तावित है। बैठक में राज्य के विभिन्न पर्यटनों स्थलों के विकास के लिए प्रस्तावित अनेक योजनाओं का भी अनुमोदन किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी सहित संचालक मंडल के अन्य सदस्य, प्रमुख सचिव वित्त श्री अजय सिंह, सचिव पर्यटन एवं संस्कृति श्री मनोहर पाण्डेय, अपर आयुक्त परिवहन श्री बी.एस.मरावी, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री तपेश झा, माना विमानत्तल के प्रभारी अधिकारी श्री अनिल राॅय सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि बूढ़ा तालाब में फ्लोटिंग रेस्टारेंट, फिश हाउस, स्क्रे हाउस, रोप-वे, बाउंसी रोप, पैडल बोट, मोटर बोट, मोटर बाईक, वाटर बैटरी कार, बैटरी टेªन आदि चलाने की योजना है। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने बांगो बांध, गंगरेल बांध सहित अन्य महत्वपूर्ण जलाशयों में भी वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा विकसित करने संयुक्त रूप से प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल छत्तीसगढ़ परिसर में पांच करोड़ रूपए की लागत से पर्यटन भवन बनाने के प्रस्ताव और वित्तीय वर्ष 2011-12 में विभिन्न पर्यटन परिपथ विकास योजनाओं, वे-साइड एमीनिटी तथा डेस्टीनेशन विकास योजनाओं के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक में राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहंुचने वाले मार्गो पर स्थापित साइनेजेस की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास कार्यो के लिए नये मास्टर प्लान तैयार करने तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के होटल, मोटल, रिसोर्ट्स, विश्राम गृह में मैनेजमेन्ट रूम, गार्ड रूम तथा स्टाफ आवास गृह बनाने के प्रस्ताव पर अनुमोदन भी किया गया। मैनेजमेंट रूम, गार्ड रूम तथा स्टाफ आवास के लिए प्री-फेब्रिकेटेड की संरचना बनायी जाएगी। निजी पूंजी निवेश के माध्यम से दुर्ग जिले के कुम्हारी के पास स्थित पर्यटक बंगले की मरम्मत कराने के प्रस्ताव मंजूरी दी गयी।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय तथा उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी ने बैठक में राज्य में पर्यटन स्थलों के विकास तथा पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए तेजी से कार्य करने की जरूरत पर जोर दिया। संचालक मण्डल की बैठक में राजधानी रायपुर में सर्वसुविधायुक्त होटल बनाने के प्रस्ताव पर भी सैद्धांतिक सहमति दी गयी। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मैनपाट, सिरपुर और माना तूता पर्यटन केन्द्र का सम्पूर्ण विकास किया जाना जरूरी है। उन्होंने बारनवापारा अभयारण्य में बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क विकसित करने प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निजी क्षेत्र के होटल व्यवसाययिओं को और अधिक प्रोत्साहित करने पर्यटन नीति में संशोधन का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित संचालक मण्डल के सदस्य श्री अनूप सूद, श्री शंकर पंसारी, श्री कीर्ति व्यास, श्री गोवर्धन खण्डेलवाल तथा श्री आकाश विग ने भी पर्यटन विकास के लिए अनेक सुझाव दिए।
ऐतिहासिक बूढ़ा सागर तालाब जीर्णोध्दार एवं सौंदर्यीकरण की मंजूरी
पुरातन नगरी बारसूरवासियों को आठ करोड़ रूपए की सौगात
रायपुर, 17 ज़नवरी 2012
बस्तर के हजारों वर्ष पुरानी इस ऐतिहासिक एवं पौराणिक नगरी बारसूर की पहचान को संरक्षित रखने सहित इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने हर संभव पहल की जाएगी, जिससे इस ऐतिहासिक और पौराणिक नगरी बारसूर की ख्याति देश और दुनिया में पहुंच सके। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बस्तर अंचल के दंतेवाड़ा जिलांतर्गत बारसूर में आयोजित प्रथम बारसूर महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बारसूर के प्राचीन बूढ़ा सागर तालाब के जीर्णोध्दार एवं सौंदर्यीकरण हेतु मंजूरी प्रदान की। वहीं नगर पंचायत बारसूर के अंतर्गत विकास कार्यों को पूरा करने प्रतिबध्दता व्यक्त की और बारसूरवासियों को लगभग आठ करोड़ रूपए की विकास कार्यों की सौगात देने छह निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रथम बारसूर महोत्सव आयोजन को इस क्षेत्र के परंपरा एवं पर्यटन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण पहल निरूपित करते हुए कहा कि हजारों वर्ष पूर्व यहां उन्नत और समृध्द संस्कृति रही है, जिसके अवशेष आज भी हमें पुराने इतिहास एवं वैभवता की याद दिलाती है। इस दृष्टिकोण से इस पुरातन नगरी के पुरातत्व संपदा को संरक्षित रखने सहित पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ इस क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में सड़कें, पुल, एनीकट सहित अन्य विकास कार्यों को तेजी के साथ क्रियान्वयन करने पर बल दिया। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री श्री जयराम रमेश ने इस पुरातन नगरी में आयोजित बारसूर महोत्सव को हर साल आयोजित करने पर बल देते हुए कहा कि इस आयोजन से देश के कोने-कोने में इस ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल के बारे में लोगों को जानकारी मिलेगी और लोग यहां की विरासत को देखने आएंगे। उन्होंने बस्तर के विकास के लिए कटिबध्दता व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार इस अंचल में ग्रामीण विकास के जरिए लोगों का विश्वास हासिल करने राज्य सरकार को हर संभव मदद कर रही है।
इस अवसर पर संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बारसूर बस्तर या छत्तीसगढ़ की ही नहीं अपितु पूरे भारत का गौरव है जो इस क्षेत्र के लोगों की आस्था के साथ जुड़ी हुई है। बस्तर अंचल में शांति स्थापना के साथ ही विकास को बढ़ावा मिले इस हेतु बारसूर महोत्सव जैसे आयोजन कर ग्रामीणों को विकास और उनकी समृध्द संस्कृति से जोड़ने का अभिनव पहल की जा रही है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं पर्यटन मंडल के प्रयास को सराहनीय निरूपित किया। इस मौके पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी ने इस प्राचीन नगरी में मंदिरों के जीर्णोध्दार सहित अन्य विकास कार्यों के लिए मंजूरी देने का आग्रह करते हुए क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वृहद् स्तर पर प्रयास किए जाने की आवश्यकता जताई। आरंभ में कलेक्टर श्री ओम प्रकाश चौधरी ने स्वागत भाषण में बारसूर महोत्सव आयोजन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं जिले में संचालित विकास गतिविधियों के बारे में अवगत कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बारसूर महोत्सव के दौरान आयोजित निर्धन कन्या सामूहिक विवाह समारोह में दांपत्य सूत्र में बंधे 51 जोड़े वर-वधु को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने इस मौके पर 108 एमरजेंसी एंबुलेंस का शुभारभ करते हुए जिले में बेहतर सेवाएं सुलभ कराए जाने की शुभकामना दी। वहीं इस मौके पर दंतेवाड़ा जिले के चार ग्राम पंचायतों को निर्मल ग्राम पुरस्कार के तहत पचास-पचास हजार रूपए प्रदान किया। इसके साथ ही प्रथम बारसूर महोत्सव पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान ‘छू लो आसमान‘ सीडी का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने हर्ष के प्रतीक रंगबिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। आरंभ में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और अन्य अतिथियों का आयोजन समिति द्वारा जोशिला स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, विधायक श्री भीमा मंडावी, अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री सुखदेव तांती, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री महेन्द्र कर्मा तथा क्षेत्र के अन्य अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
रायपुर 16-1-2012 । प्रदेश के लोकनिर्माण एवं स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज सुबह प्रदेश की सुप्रसिद्ध इंटीरियर डेकोरेटोर, वास्तुशास्त्री श्रीमती सुचिता अर्जुन सिंह सिदार द्वारा लिखित दो पुस्तकों “इंटीरियर डिजाइन एंड डेकोरेशन गाइड एस फॉर वास्तु शास्त्र” एवं “वास्तु पेंटिंगस” का विमोचन शंकर नगर स्थित निवास पर किया।
अँग्रेजी मे प्रकाशित इन दोनों पुस्तकों मे दिखाई गयी पेंटिंग भी लेखिका के द्वारा ही बनाई गई है। बहुमुखी प्रतिभा की धनी श्रीमती सिदार ने बताया की आंतरिक साज सज्जा मे पेंटिंगस का अपना अलग स्थान है बिना इसके यह कार्य अधूरा सा लगता है। इस दिशा मे जानकारी के आभाव मे लोग गलत पेंटिंग गलत स्थान पर लगा लेते जिससे नुकसान होने के संभावना होती है, लोगों को सही जानकारी मिले और वे प्रगति की ओर अग्रसर हो इसीलिए इन किताबों की रचना की गई है। पुस्तक जल्द ही आम लोगों के लिए बुक स्टाल पर उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से श्रीमती सरिता बृजमोहन अग्रवाल, शुभकृति अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल अर्जुन सिंह सिदार, राजकुमार चतुर्वेदी, मनीष वोरा सहित गणमानय नागरिक गण उपस्थित थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने अखिल भारतीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में किया पुरस्कार वितरण
कहा : फुटबॉल-हॉकी और स्वदेशी खेलों की लोकप्रियता बढ़ी
रायपुर, 15 जनवरी 2012
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा और लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि भारत में लोगों के दिल-दिमाग से अब क्रिकेट का बुखार उतरने लगा है और देशवासी एक बार फिर फुटबॉल और हॉकी सहित स्वदेशी खेलों की लोकप्रियता बढ़ने लगी है। लोग अब इनमें काफी दिलचस्पी लेने लगे हैं।
श्री अग्रवाल ने आज शाम यहां लाखे नगर में हिंद स्पोर्टिंग मैदान में आयोजित 71 वीं अखिल भारतीय आमंत्रण फुटबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में विजेजा टीमों को पुरस्कार वितरित करते हुए इस आशय के विचार विचार व्यक्त किए। उन्होंने प्रदेश की राजधानी रायपुर में लगातार 71 वर्षो से आयोजित हो रही इस फुटबाल प्रतियोगिता को भारत में खेलों के इतिहास में एक नया कीर्तिमान बताया। श्री अग्रवाल ने कहा कि हिन्द स्पोर्टिंग एसोसिएशन द्वारा रायपुर की धरती पर आयोजित की जा रही इस वार्षिक प्रतियोगिता का इतिहास अत्यन्त गौरवशाली है। उन्होंने इस बार की प्रतियोगिता में आयी सभी टीमों को धन्यवाद देते हुए खेल भावना से किए गए उनके प्रदर्शन की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए उप-विजेता टीम का उत्साह बढ़ाया। श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि प्रतियोगिता का यह आयोजन स्थल निकट भविष्य में सभी लोगों के सहयोग से फुटबाल के एक बेहतरीन मैदान के रूप में विकसित होगा। श्री अग्रवाल ने इस मैदान के संरक्षण के लिए सभी लोगों से सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। इस अवसर पर पदमश्री सम्मान प्राप्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय, हिन्द स्पोर्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री संतोष दुबे सहित श्री अनिल दुबे और हिन्द स्पोर्टिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य सहित बड़ी संख्या में फुटबाल प्रेमी दर्शक उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले में पश्चिम मध्य रेल्वे जबलपुर ने ई.एम.जी. बेंगलुरू को हराकर हिंद स्पोर्टिंग ट्राफी पर कब्जा किया। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने आयोजक संस्था की ओर से विजेता टीम को एक लाख रूपए के नगद पुरस्कार सहित ट्रॉफी और शिल्ड प्रदान कर बधाई दी। उन्होंने उप-विजेता टीम को शिल्ड के साथ 50 हजार रूपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर सर्वश्री प्रमोद दुबे, सूर्यकांत तिवारी, प्रमोद झा, राजेश पाण्डे, आकाश दुबे, भूपेन्द्र शर्मा, संटी चावला, नीलोत्पल शुक्ला, रूचिर दुबे, मलय दीवान, डॉ. आलोक दुबे, पिनाकधर दीवान, कुलदीप धाड़ीवाल सहित अन्य स्थानीय नागरिकगण उपस्थित थे।
सभी जरूरी व्यवस्थाएं 30 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश
रायपुर 14 जनवरी 2012
छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के रूप में प्रसिध्द तीर्थ नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम पर इस साल 07 फरवरी से 20 फरवरी तक लगने वाले राजिम कुम्भ के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गयी है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कल राजिम में साधु-संतों की उपस्थिति में कुंभ मेले की तैयारियों से विभागों के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक लेकर अभी तक हुई तैयारियों की समीक्षा की।
श्री अग्रवाल ने बैठक में कहा कि राज्य शासन द्वारा छह वर्ष पूर्व राजिम के वार्षिक परम्परागत पुन्नी मेला को भव्य स्वरूप प्रदान करते हुए राजिम कुंभ मेले की शुरूआत की गयी। साधु-संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से राजिम कुंभ मेले की भव्यता साल दर साल बढ़ती जा रही है। इस वर्ष राजिम कुंभ मेले का सातवां साल है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की देवभूमि राजिम प्रदेश की तरक्की का माध्यम बनेगी। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में सिलसिलेवार विभागीय तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली। बैठक में लोकसभा सांसद श्री चन्दूलाल साहू, पूर्व सांसद एवं संत कवि श्री पवन दीवान, विधायक सर्वश्री महंत रामसुन्दर दास, अमितेष शुक्ल, लेखराम साहू, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री मनोहर पाण्डेय, धमतरी जिले के कलेक्टर श्री एस. प्रकाश, गरियाबंद जिले के कलेक्टर श्री दिलीप वासनीकर, छत्तीसगढ़,पर्यटन मण्डल के प्रबंध संचालक श्री तपेश झा, मेला अधिकारी श्री रमेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
श्री अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन, विद्युत मण्डल, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संत समागम स्थल, मुख्य सांस्कृतिक मंच सहित पूरे मेला स्थल पर पर्याप्त साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, पार्किंग, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्री अग्रवाल ने राजिम के पुराने पुल से लगे हुए निर्माणाधीन नये पुल की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि नये पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। इस पुल का लोकार्पण जल्द से जल्द कराने के लिए रात-दिन निर्माण कार्य चल रहा है। पर्यटन मंत्री ने त्रिवेणी संगम पर नेहरू घाट के नीचे बन रहे एनीकट की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनीकट के पाथ-वे में रेलिंग व लाइटिंग करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एनीकट के ऊपरी हिस्से में राजिम और नवापारा की ओर नदी के दोनों तटों पर घाट बनाने के लिए प्रस्ताव बनाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। राजिम और नयापारा शहर से नदी में आने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए व्यापक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए। पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को त्रिवेणी संगम के आस-पास महानदी और पैरी नदी पर बने तीनों पुराने पुलों के अलावा निर्माणाधीन पुल पर भी मेले के दौरान पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। श्री अग्रवाल ने बेलाही घाट पुल और चौबे बांधा पुल के बीच की सड़क को तत्काल डामरीकरण करने के निर्देश दिए। इस सड़क से लोमश ऋषि आश्रम तक के हिस्से को भी डामरीकृत करने के निर्देश दिए। पर्यटन मंत्री ने नागा साधुओं के लिए लोमश ऋषि आश्रम से अलग अस्थायी आश्रम बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री अग्रवाल ने नयापारा और राजिम के सभी मंदिरों की साफ-सफाई,रंग रोगन और लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मेला स्थल पर पेयजल की व्यवस्था करने आठ किलोमीटर लंबी पाईप लाईन बिछाई जा रही है। मेला स्थल पर 280 नल लगाए जा रहे हैं। श्री अग्रवाल ने नदी की रेत पर बनने वाली अस्थायी सड़कों के दोनों तरफ बांस-बल्ली लगाने के निर्देश दिए। मेला स्थल पर 60 स्थानों पर दाल-भात केन्द्र खोले जाएंगे। संस्कृति मंत्री ने पार्किंग स्थलों में दात भात केन्द्र खोलने तथा सभी दाल भात केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में राशन की व्यवस्था करने और रात्रि 11 बजे तक इन केन्द्रों को चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस जवानों के लिए अलग से डोम बनाने तथा वहां पर दाल भात केन्द्र खोलने के निर्देश भी दिए। श्री अग्रवाल ने रायपुर, धमतरी और गरियाबंद जिले के अधिकारियों से मेले के दौरान लगने वाली विकास प्रदर्शनी की तैयारियों की जानकारी ली और कहा कि तीनों जिलों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ प्रदर्शनी लगाएं। मेले के दौरान हर दिन दोपहर दो बजे रात्रि 11 बजे तक प्रदर्शनी खुली रहे।
संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे शुभारंभ
समापन समारोह में मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर, 13 जनवरी 2012
छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले में अपने विशाल ऐतिहासिक और पुरातात्विक वैभव के लिए प्रसिध्द बारसूर को देश और दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर एक और खास पहचान ‘बारसूर महोत्सव’ के रूप में मिलने जा रही है। यह तीन दिवसीय महोत्सव कल 14 जनवरी से शुरू हो रहा है। इस अवसर पर अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बारसूर का इतिहास एक हजार वर्ष से भी अधिक पुराना है, जहां ग्यारहवीं शताब्दी या उससे भी पहले निर्मित गणेश प्रतिमा को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी गणेश मूर्ति के रूप में मान्यता प्राप्त है। यह 147 तालाबों सहित मंदिरों के शहर के रूप में भी इतिहास में प्रसिध्द है। बारसूर के बत्तीसा मंदिर का निर्माण सन् 1030 ईसवी में तत्कालीन नागवंशी नरेश सोमेश्वर देव की रानी ने करवाया था। यह मंदिर 32 पाषाण स्तंभों पर निर्मित है, जहां दो शिवालय भी हैं। बारसूर में गणेश प्रतिमा और बत्तीसा मंदिर सहित मामा-भांजा के मंदिर और कुछ अन्य पुरातात्विक स्मारकों का संरक्षण भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बारसूर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन को वहां हर साल जनसहयोग से इस महोत्सव के आयोजन के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप तीन दिवसीय ‘बारसूर महोत्सव’ की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है।
प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल कल 14 जनवरी को सवेरे 11 बजे बारसूर के ऐतिहासिक बत्तीसा मंदिर परिसर में ‘बारसूर महोत्सव’ का शुभारंभ करेंगे। आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास मंत्री तथा दक्षिण बस्तर जिले के प्रभारी श्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित शुभारंभ समारोह में महिला और बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, लोकसभा सांसद श्री दिनेश कश्यप, संसदीय सचिव श्री महेश गागड़ा, विधायक दंतेवाड़ा श्री भीमा मण्डावी, छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष श्री कृष्णकुमार राय और उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी, अध्यक्ष जिला पंचायत दंतेवाड़ा श्रीमती जमुना मांझी, सदस्य अनुसूचित जाति आयोग श्री सुखदेव ताती, सदस्य छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल श्री अनूप सूद सहित अध्यक्ष नगर पंचायत बारसूर श्रीमती मीना रेड्डी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
बारसूर महोत्सव का समापन समारोह 16 जनवरी को अपरान्ह बत्तीसा मंदिर प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री जयराम रमेश करेंगे। समापन समारोह में आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास मंत्री तथा दक्षिण बस्तर जिले के प्रभारी श्री केदार कश्यप, महिला और बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, लोकसभा सांसद श्री दिनेश कश्यप, संसदीय सचिव श्री महेश गागड़ा, विधायक दंतेवाड़ा श्री भीमा मण्डावी, छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष श्री कृष्णकुमार राय और उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी, अध्यक्ष जिला पंचायत दंतेवाड़ा श्रीमती जमुना मांझी, सदस्य अनुसूचित जाति आयोग श्री सुखदेव ताती, सदस्य छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल श्री अनूप सूद सहित अध्यक्ष नगर पंचायत बारसूर श्रीमती मीना रेड्डी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
रायपुर, 12 जनवरी 2012
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी शासकीय हाईस्कूलों की कक्षा नवमीं में अध्ययनरत बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें शैक्षणिक भ्रमण कराने की कार्य-योजना बनाई गई है। प्रत्येक विद्यार्थी 200 रूपए के मान से शैक्षणिक भ्रमण के लिए धन राशि उपलब्ध करायी जा रही है। हाई स्कूलों के प्राचार्यों को शैक्षणिक भ्रमण का कार्यक्रम तैयार कर प्रस्ताव राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के राजधानी रायपुर स्थित राज्य कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य-योजना के अनुसार स्कूली बच्चों को उनके स्कूलों से संबंधित जिलों में भ्रमण कराया जाएगा।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि हाईस्कूलों की कक्षा नवमीं में पढ़ने वाले बच्चों को उनके आस-पास के ऐतिहासिक, प्राकृतिक, धार्मिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों से परिचय कराने के लिए शैक्षणिक भ्रमण की कार्य-योजना बनाई गयी है। अभी तक प्रदेश के एक हजार 290 हाईस्कूलों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर एक लाख 26 हजार 427 बच्चों को भ्रमण कराने दो करोड़ 52 लाख 854 रूपए स्वीकृत किए गए हैं। शेष बचे दो हजार 708 स्कूलों के प्राचार्यों को इस संबंध में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि हाईस्कूलों के चयनित शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए दूसरे राज्यों का अध्ययन भ्रमण कराने की योजना भी तैयार की गयी है। इस योजना के तहत सौ शिक्षकों को 50-50 के दो समूहों में बांटकर दो राज्यों के भ्रमण पर भेजा जाएगा। अभियान के तहत दिसम्बर 2011 में आयोजित हाईस्कूलों के बच्चों की राज्य स्तरीय चित्रकला, भाषण, वाद-विवाद, क्विज और निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं के स्कूलों के शिक्षकों, मॉडल स्कूलों के शिक्षकों तथा राज्यपाल एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के अलावा अन्य उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन अध्ययन भ्रमण के लिए किया जाएगा।
रायपुर, 12 जनवरी 2012
युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत और युग पुरूष स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आज यहां एकात्म परिसर में लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा रायपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में श्री अग्रवाल ने विभिन्न क्षेत्रों के युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि और भारतीय जनता युवा मोर्चा के सदस्य उपस्थित थे।
रायपुर १२-०१-२०१२ वरिष्ठ छायाकार , चिन्तक, लेखक और समीक्षक एस . अहमद की स्मृति में छत्तीसगढ़ सरकार छायाकारों के लिए एक पुरस्कार की घोषणा पर विचार करेगी. आज संस्कृत और पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने एस. अहमद को श्रद्धांजली देने के बाद यह बात उनके परिजनों से कही. श्री अग्रवाल आज “यादें – अहमद” कार्यक्रम में शामिल भी हुए. इसी दौरान शहर के वरिष्ठ पत्रकारों, कवियों, लेखकों और कलाकारों ने उनसे आग्रह किया की एस . अहमद के नाम पर छायाकारों के लिए एक सम्मान रखा जाना चाहिए.
आज शाम एस. अहमद के निवास पर शहर के बुद्धिजीवियों ने उनकी याद में “यादें अहमद ” का आयोजन किया. बुद्धिजीवियों ने पहले एस. अहमद के छाया चित्र पर पुष्पांजली अर्पित की और बाद में मृतात्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया. इस अवसर बोलते हुए संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा की एस. अहमद बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे. हमने असमय ही एक प्रतिभा को खो दिया है. कई अन्य वक्ताओं ने एस. अहमद को याद करते हुए कहा की ” वो कहते थे की कैमरा हाथ में नहीं दिमाग में होता है. वक्ताओं ने कहा की अपने छायाचित्रों, आलेखों , पुस्तकों से वे सदैव हमारे बीच मौजूद रहेंगे. जनसंपर्क विभाग के संचालक अशोक अग्रवाल ने कहा की इस तरह का कोई प्रस्ताव शासन द्वारा या एस. अहमद के परिजनों की तरफ से आता है तो हम उस पर अवश्य विचार करेंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के जन संपर्क अधिकारी स्वराज दास, वरिष्ठ निर्देशक जलील रिजवी, वरिष्ठ पत्रकार और कवि गिरीश पंकज. हीरामन सिंह ठाकुर, जयप्रकाश मानस “रथ”, राज कुमार सोनी , श्रीमती सुमन मिश्र, शकुंतला तरार, दूरदर्शन के पूर्व निर्देशक तेजेंदर गगन, रामेश्वर वैष्णव, छत्तीसगढ़ कलाकार संघ के अध्यक्ष- योगेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, सिंधी अकादमी के अध्यक्ष किशोर माखीजा, उपाध्यक्ष पहलाज राय “मुसाफिर” और प्रकाशक- सुधीर शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपनी शोकांजली दी. कार्यक्रम का संचालन अह्फाज़ रशीद ने किया.
रायपुर, 10 जनवरी 2012
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य छायाकार श्री एस.अहमद के आकस्मिक निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री अहमद लम्बे समय से बीमार थे। उनका आज सुबह यहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्वर्गीय श्री अहमद के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
रायपुर, 09 जनवरी 2012
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड को वित्तीय वर्ष 2011-12 में स्थापना अनुदान के प्रथम किश्त के रूप में तीस लाख रूपए जारी किए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा पिछले सप्ताह इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के चालू वित्तीय वर्ष के बजट में मदरसा बोर्ड के स्थापना अनुदान के लिए साठ लाख रूपए का प्रावधान किया गया है। प्रावधानित राशि में से प्रथम किश्त के रूप मे तीस लाख रूपए की राशि जारी कर दी गई है।
रायपुर, 09 जनवरी 2012
राज्य शासन ने राजनांदगांव जिले में भर्रेगांव-रवेली-राजनांदगांव मार्ग में शिवनाथ नदी पर उच्चस्तरीय पुल बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए ग्यारह करोड़ सात लाख 18 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से इस आशय का आदेश भी जारी कर दिया गया है। लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों को पुल का निर्माण शुरू करने के लिए प्रशासनिक तैयारी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
साहू व झेरिया यादव समाज के भवन निर्माण हेतु 2-2 लाख रूपये की घोषणा
रायपुर 08 जनवरी 2012/ समाज का मतलब होता है कि वह कमजोर व्यक्ति की चिंता व उसकी रक्षा करें जो समाज शिक्षा, स्वास्थ्य व गरीब लड़की की शादी में सहयोग करता है उसे किसी अन्य के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ता । क्योकि उस समाज के साथ हमेशा सरस्वती, लक्ष्मी व दुर्गा का वास होता है।
उक्ताशय के उद्गार लोक निर्माण एवं स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने व्यक्त किए। लाखेनगर वार्ड के कुशालपुर में आयोजित नव जागृति साहू समाज के द्वितीय स्थापना दिवस एवं वरिष्ठ नागरिकों व सामाजिक कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि की आसंदी से सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि कमजोर व निचले तबके को मुख्यधारा में जोड़ने की उन्हें शिक्षित व सहारा देने की और यह कार्य सिर्फ समाज ही कर सकता है। यह हमारा ही समाज है कि जो हमारे लिए आगे बढ़ने के लिए उत्प्रेरक का काम करता है। उन्होंने कहा कि व्यक्तियों के समूह को हम समाज नहीं कह सकते बल्कि हम तो उसे समाज कहेंगे जो गरीब वर्ग के लोगों के लिए कार्य करे और अन्य समाज के लिए उदाहरण हो ।
श्री अग्रवाल ने कहा कि समाज लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हर समाज का अलग-अलग दायरा व विचार होता है किंतु अंत में गरीबों के उत्थान व मानव कल्याण की बातें होती है। गरीबी के कारण कोई छात्र पढ़ नहीं पाता तो यह समाज की जिम्मेदारी है गरीबी के अभाव में अगर किसी लड़की की शादी नहीं होती तो वह समाज की जिम्मेदारी है। जिस घर व समाज गरीबों व बुजुर्गों का सम्मान होता है वहां साक्षात् लक्ष्मी का वास होता है। अगर सुखी व खुश रहना है तो बुजुर्गों का सम्मान करें। बुजुर्गों से ही संस्कार मिलते है। उन्होंने नव जागृति साहू समाज द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए साहू समाज के भवन निर्माण हेतु दो लाख रूपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर विधायक नंदे साहू, महापौर किरणमयी नायक, आर.डी.ए. उपाध्यक्ष सुनील सोनी, पार्षद विजेता मन्जु यादव, रमेश ठाकुर, छगन चौक, संजूनारायण सिंह ठाकुर, साहू समाज के अध्यक्ष, शोभाराम साहू, बी.आर. सार्व, गिरजाशंकर साहू, रामलखन मनहरण श्रीमती जानकी साहू, श्रीमती शकुन देवी साहू सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित थे ।
यादव समाज परंपरागत धंधे, को आधुनिक रूप में स्वीकार करें
महादेव घाट में छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के सामुदायिक भवन के लोकार्पण समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और इस कृषि को जीवित रखने के लिए पशु जरूरी है और इस पशु को जीवित रखने का कार्य यादव समाज सदियों से करता आ रहा है। डेयरियो का व्यवसाय अब बंद पैकेटो से हो रहा है हम क्यों अपने परंपरागत धंधे से दूर हो रहे है यह समाज के लोगों को सोचना पड़ेगा । यादव समाज संगठित होकर परंपरागत कार्य को आधुनिक तरीके से करना चाहिए जिससे समाज के हर वर्ग को फायदा होगा क्योंकि गौ-सेवा ही राष्ट्र सेवा है उन्होंने समाज के भवन निर्माण हेतु दो लाख रूपये देने की घोषणा की। यादव समाज के पत्रिका का विमोचन किया गया ।
इस अवसर पर आर.डी.ए. उपाध्यक्ष, सुनील सोनी, निगम सभापति संजय श्रीवास्तव, डॉ. सोमनाथ यादव, अलखराम यादव, छगन चौबे, अरविंद यादव आदि सैकड़ो की संख्या में यादव बंधु उपस्थित थे ।
रायपुर, 07 जनवरी 2012
राज्य शासन द्वारा इस माह गठित किए गए नौ में से पांच जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों की स्थापना की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने नव गठित गरियाबंद, बालोद, मुंगेली, कोण्डागांव और सुकमा सहित वर्ष 2007 में गठित बीजापुर और नारायणपुर जिलों को मिलाकर कुल सात जिलों में विभिन्न संवर्गों के 42 पद स्वीकृत किए गए है। इन जिलों के लिए दो करोड़ रूपए का प्रावधान वित्तीय वर्ष 2011-12 के द्वितीय अनुपूरक बजट में शामिल कर लिया गया है। जिन जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है, उनमें नारायणपुर, बीजापुर, गरियाबंद, बालोद, मुंगेली, कोण्डागांव एवं सुकमा जिला शामिल हैं। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से इस आशय का आदेश जारी कर दिया गया है। इस आदेश के अनुसार प्रत्येक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के लिए एक जिला शिक्षा अधिकारी, एक सहायक संचालक, एक स्टेनो ग्रेड-3, दो सहायक ग्रेड-3 और एक भृत्य पद की स्वीकृति दी गई है।
देश-विदेश के सात सौ प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं अधिवेशन में मुख्यमंत्री आज सम्बोधित करेंगे दूसरे दिन के प्रथम सत्र को
रायपुर, 07 जनवरी 2012
लोक निर्माण और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां इंडियन वाटर वक्र्स एसोसिएशन के 44वें राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ किया। समारोह में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने इंडियन वॉटर वक्र्स एसोसिएशन द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय इस अधिवेशन में भारत सहित जापान, ब्रिटेन, संयुक्त राज्य अमेरिका, मलेशिया और सिंगापुर सहित विभिन्न देशों के लगभग 700 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। विदेशी प्रतिनिधियों की उपस्थिति से इस राष्ट्रीय अधिवेशन का स्वरूप अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का हो गया है। शुभारंभ समारोह में इंडियन वाटर वक्र्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर आर.एन. गुप्ता और अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री द्वय सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल आठ जनवरी को अधिवेशन के दूसरे दिन के कार्यक्रम में सवेरे 11 बजे ‘यूथ फोरम फॉर वाटर’ के सत्र को सम्बोधित करेंगे। अधिवेशन में द्वितीय दिवस पर कल आठ जनवरी को पाकिस्तान और फिलिपिंस के प्रतिनिधियों सहित जापान से कुछ और प्रतिनिधियों के आने की संभावना है।
मुख्य अतिथि की आसंदी से आज अधिवेशन के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पानी जीवन का मूल आधार है। शुध्द पेयजल से ही व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अधिवेशन में विषय विशेषज्ञों द्वारा चर्चा कर देश में अधिक से अधिक मात्रा में शुध्द पेयजल की आपूर्ति के लिए तकनीकी उपायों की जानकारी दी जानी चाहिए, ताकि इन उपायों के आधार पर सरकार की ओर से और भी ज्यादा बेहतर कार्य योजना बनायी जा सके। साथ ही योजना में कम लागत के साथ ही मरम्मत खर्च भी कम से कम होना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जनता को साफ पानी मुहैय्या कराने के लिए विगत आठ वर्ष में काफी बेहतर कार्य किए गए हैं। इससे प्रदेश में जल-जनित बीमारियों में भी काफी कमी आयी है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि इस आधुनिक युग में देश और दुनिया के शहरी क्षेत्रों में रहने वालों के लिए वाटर फिल्टर आदि कई ऐसे उपकरण बाजारों में उपलब्ध हैं, जिनके जरिए लोग पेयजल को शुध्द कर सकते हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के बस्तर जैसे आदिवासी बहुल इलाकों में ऐसे उपकरण बाजार में आसानी से नहीं मिल सकते। इसलिए हमें ऐसे दूरस्थ, पिछड़े और दुर्गम क्षेत्रों में भी जनता को नियमित रूप से शुध्द पेयजल दिलाने के लिए उचित व्यवस्था करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भरपुर संसाधन होने के बावजूद रोटी और पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। भू-जल का दोहन जरूरत के मुताबिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र के अनेक गांव में पेयजल में हानिकारक तत्व पाये गए हैं। ऐसे स्थानों के लिए दस किलोमीटर तक नदी से पानी लेकर आस-पास के गांवामें कैसे पानी पहुंचाया जा सकता है, इस पर विचार-विमर्श होना चाहिए और योजना बनायी जाना चाहिए। इसके अलावा तालाब के पानी को पीने योग्य कैसे बनाए जाए, इस पर भी योजना बनाई जानी चाहिए। श्री अग्रवाल ने अधिवेशन में शामिल सभी वैज्ञानिकों को अपनी शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि इस अधिवेशन में देश, गांव और गरीब के लिए प्रभावशाली कार्य योजना तैयारी होगी।
लोक स्वास्थ यांत्रिकी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कहीं भी पेयजल की कमी नहीं है। राज्य के गांवों में पेयजल के लिए दो लाख 15 हजार हैण्डपम्प स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 18 सौ स्थल जल योजना, 55 शहरी जल प्रदाय योजना स्थापित किए गए है, जिससे पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य में वॉटर रिचार्जिंग के लिए नदी-नालों में चेक डेम, भवनों में रेनवॉटर हार्वेस्टिग लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि बस्तर के 25 गांवों के लिए ग्रुप वॉटर का प्लान बनाया गया है। योजना के पूर्ण होने पर इन 25-30 गांवों को शुध्द पेयजल मिल सकेगा। आने वाले समय में सभी जिलों के गांवों के लिए इसी तरह का ग्रुप वॉटर प्लान बनाया जाएगा। श्री कश्यप ने बताया कि कवर्धा जिले में सौर ऊर्जा पम्प के माध्यम से पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में 16 लाख से उपर व्यक्तिगत और सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण् कराया गया है और लगभग 50 प्रतिशत लोग इसका उपयोग करना भी शुरू कर दिए हैं। श्री कश्यप ने कहा कि पानी का समुचित उपयोग करने और संरक्षित करने के काम को बढ़ावा दिया जा रहा है। पानी के संरक्षण और संवर्धन के लिए स्कूली पाठयक्रम के माध्यम से स्कूली बच्चों को जानकारी देना आवश्यक है।
पहली बार आयोजित तीन दिवसीय बारसूर महोत्सव
में रहेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
रायपुर 06 जनवरी 2012
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर (दंतेवाडा) जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल बारसूर में पहली बार तीन दिवसीय बारसूर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव अब हर साल जनवरी में ही आयोजित किया जाएगा। भगवान गणेश प्रतिमा, मामा-भांजा मंदिर और बत्तीसा मंदिर के लिए प्रसिध्द बारसूर में आगामी 14 जनवरी से 16 जनवरी तक होने वाले बारसूर महोत्सव 2012 का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। शुभारंभ समारोह में लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप भी शामिल होंगे।
बारसूर महोत्सव में स्थानीय लोक कलाकारों के साथ-साथ प्रसिध्द गायक श्री कुनाल गांजावाला और भजन गायक श्री अनूप जलोटा भी आकर्षण के मुख्य केन्द्र होंगे। महोत्सव में भव्य मीना बाजार का भी आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में पिछले साल यहां आयोजित छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के संचालक मंडल की बैठक में बारसूर में हर वर्ष बारसूर महोत्सव करने का निर्णय लिया गया। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा द्वारा बारसूर महोत्सव 2012 से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। महोत्सव के दौरान तीन दिन आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बारसूर महोत्सव के दौरान 13 जनवरी को स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ 14 तारीख को पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल करेंगे। महोत्सव में जिले के सभी शासकीय विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र में विकास को प्रदर्शित करते मंडप भी लगाए जाएंगे। 14 तारीख की शाम प्रसिध्द पार्श्व गायक श्री कुनाल गांजावाला के गीतों से सजेगी। 15 तारीख को आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में हास्य कवि पद्मश्री श्री सुरेन्द्र दुबे और उनके साथियों द्वारा कविता पाठ किया जाएगा। बारसूर महोत्सव में 16 तारीख को क्षेत्रवासी शाम के समय प्रसिध्द भजन गायक श्री अनूप जलोटा के स्वर में भजनों का लुफ्त ले पाएंगे। बारसूर महोत्सव का समापन 16 तारीख को होगा।
बारसूर महोत्सव में आयोजित होने वाले साहसिक खेल भी युवाओं के लिए आकर्षण का मुख्य केन्द्र रहेंगे। तीन दिवसीय इस महोत्सव में तीनों दिन शाम के समय लाईट एण्ड साउण्ड शो भी आयोजित होगा। महोत्सव के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए दंतेवाड़ा जिले के कलेक्टर श्री ओ.पी. चौधरी ने सभी अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रिय प्रवक्ता एवं राज्य सभा सदस्य श्री प्रकाश जावडेकर गुरूवार रात्रि प्रदेश के लोकनिर्माण एवं स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के शंकर नगर स्थित निवास पहुंचे. उन्होंने रात्रि भोज लोकनिर्माण मंत्री के साथ लिया. उल्लेखनीय है की श्री जावडेकर एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने रायपुर आए हुए है.
रायपुर / पूर्व प्रधानमंत्री व छत्तीसगढ़ निर्माता श्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिन प्रदेश के लोकनिर्माण व शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपनें शंकर नगर स्थित निवास पर गरीब स्कूली बच्चों के साथ मनाया .स्कूली बच्चों को श्री अग्रवाल ने स्वेटर प्रदान करते हुए चाकलेट से उनका मुह मीठा कराया और उन्हें श्री वाजपेयी के बताये मार्ग का अनुशरण करते हुए आगे बड़ते रहनें की बात कही .
गौरतलब है की देश में सुशासन और विकास के प्रतिक रहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिन देश भर ने सुशासन दिवस के रूप में मनाया है . इस अवसर पर श्री अग्रवाल अतिथि होने के बावजूद पैर में फैक्चर के चलते शहर के विभिन्न स्थानों में आयोजित जन्म दिन समारोह में शामिल नही हो सके इसलिए उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ घर पर ही अटल जी की स्मृति को संजोया . सैकड़ों की संख्या में आये बच्चों को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणादायक है . उनकी पहली सोंच हमेशा गरीब तबके के सर्वांगिक विकास की रहती है इसीलिए उन्होंने हर गरीब का बच्चा खूब पढ़े और आगे बढे इसके लिए सर्वशिक्षा अभियान की शुरुवात की|बच्चों को समझातें हुए कहा की अब हमारी जिम्मेदारी है की अच्छा पढ़े और माता-पिता व देश का नाम रौशन करें .
उन्होंने कहा की गाव गरीब और किसानों कि चिंता करते हुए उनके आवागमन की तकलीफ को ध्यान में रखते हुए उन्हें समाज के मुख्य धारा से जोड़े रखनें अटल जी ने अपनें कार्यकाल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना कि शुरुवात की थी . जिसके फलस्वरूप देश के हर गांव में विकास कि गंगा बह रही है .
श्री अग्रवाल ने कहा की अटल जी राष्ट्र के गौरव है दलगत राजनीति से ऊपर उठकर वे केवल देश हित में कार्य करते है. पोखरण परमाणु परीक्षण कर उन्होंने भारत की ताकत का एहसास दुनिया को कराया . स्वतंत्र भारत के इतिहास में अबतक के सबसे बेहतर प्रधानमंत्री होने का अहसास राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक कहलाने वालें अटल जी ने कराया है . उनका जैसा व्यक्तित्व है वैसा ही कृतित्व भी है इसीलिए दलगत राजनीति से ऊपर उठाकर हर राजनैतिक दल उनका सम्मान करता है .
रायपुर, 05 जनवरी 2012
राज्य शासन द्वारा केन्द्र प्रवर्तित योजना के तहत मॉडल स्कूलों के प्रबंधन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य मॉडल स्कूल संगठन में दो समितियों का गठन किया गया है। इनमें आमसभा और कार्यकारिणी समिति शामिल है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से इनके गठन संबंधी आदेश जारी कर दिए गए हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य मॉडल स्कूल संगठन की आमसभा में विधायक श्री दीपक पटेल, विधायक श्री संतोष बाफना, श्री महेश चन्द्र प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय वैशाली नगर भिलाई, श्री एम.पी. यादव प्राचार्य दिल्ली पब्लिक स्कूल भिलाई-दुर्ग, श्री एम.आर. सावंत, प्राचार्य प्रोफेसर जे.एन.पाण्डेय शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर, श्री भुवन सिंह राज शासकीय महाविद्यालय मस्तूरी जिला बिलासपुर, श्री संजय गुप्ता जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा तथा श्री हेमन्त उपाध्याय जिला शिक्षा अधिकारी बलौदा बाजार को सदस्य बनाया गया है। इसी प्रकार कार्यकारिणी समिति में डॉ. संध्या वर्मा प्राचार्य, कला एवं वाणिज्य कन्या महाविद्यालय देवेन्द्र नगर रायपुर, श्री के. पी. चौबे, सेवा निवृत्त शिक्षा अधिकारी रायपुर, श्री चन्द्रशेखर बघेल चांटापारा बिलासपुर और प्रोफेसर आर.के.गुप्ता विवेकानंद नगर रायपुर सदस्य बनाए गए हैं।
स्कूल में बनेंगे पांच अतिरिक्त कमरे
खेल मैदान समतलीकरण, अहाता निर्माण और भवन मरम्मत भी
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने दी स्वीकृति
रायपुर, 05 जनवरी 2012
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोवा रायपुर के स्कूली बच्चों को नये साल में 54 लाख रूपए की बुनियादी सुविधाओं की सौगात दी है। श्री अग्रवाल ने इस विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह में पांच अतिरिक्त कमरे बनवाने के लिए 26 लाख रूपए, खेल मैदान के समतलीकरण के लिए पांच लाख रूपए, अहाता निर्माण के लिए दस लाख रूपए, भवन मरम्मत के लिए दस लाख रूपए, फर्नीचर के लिए दो लाख रूपए तथा दो शौचालय निर्माण के लिए एक लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा की। स्कूल शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम में शैक्षणिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक, खेलकूद सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्घि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उन्हें प्रोत्साहित किया। रायपुर ग्रामीण विधायक श्री नंदकुमार साहू ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। रायपुर नगर निगम के सभापति श्री संजय श्रीवास्तव इस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए वे लगन और मेहनत के साथ अपनी शिक्षा पूरी करें। शिक्षा ही सफलता के लिए मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के स्कूली बच्चों को स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा सुविधा दिलाने के लिए आम जनता को भी सहयोग करना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कार्यक्रम में पुरस्कृत विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अन्य छात्र-छात्राओं से भविष्य में रचनात्मक गतिविधियों में उत्साह के साथ शामिल होने का आग्रह किया। स्कूल शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर राज्य शासन की सरस्वती सायकल योजना के तहत अनेक छात्राओं को नि:शुल्क सायकल वितरित की।
पर्यटन विभाग द्वारा होटल/मोटल में कक्ष आरक्षण के लिए समय-सीमा तय
रायपुर 03 जनवरी 2012
प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम-2011 के तहत छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के होटलों और मोटलों में कक्ष आरक्षण के लिए समय-सीमा निर्धारित कर दी गयी है। राज्य शासन द्वारा इस संबंध में जारी अधिसूचना के अनुसार छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के होटल और मोटल में कक्ष आरक्षण के लिए आवेदन प्राप्त होने के पांच कार्य दिवस के भीतर सेवा प्रदाय किया जाना है। इसके लिए मोटल/होटल के प्रभारी, सेवा प्रदाय करने वाले पदाभिहित अधिकारी होंगे। इसी प्रकार कक्षों के आरक्षण उपरान्त निरस्तीकरण के लिए सात कार्य दिवस की समय-सीमा तय की गयी है। इसके लिए भी संबंधित होटल/मोटल के प्रभारी को पदाभिहित अधिकारी बनाया गया है। पर्यटन सूचना साहित्य प्रदाय करने के लिए भी पांच कार्य दिवस का समय तय किया गया है। इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के क्रय/भण्डार शाखा के प्रभारी को सेवा प्रदाय करने वाले पदाभिहित अधिकारी का दायित्व दिया गया है। इन तीनों सेवाओं के लिए महाप्रबंधक छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल सक्षम अधिकारी होंगे। प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल को अपीलीय प्राधिकारी बनाया गया है।




















