बूढ़ातालाब में वाटर स्पोर्ट्स और अन्य कार्यो के लिए चार करोड़ रूपए का प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के संचालक मण्डल की बैठक में अनेक प्रस्तावों का अनुमोदन
रायपुर, 17 जनवरी 2012/ पर्यटन मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में यहां आयोजित छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के संचालक मंडल की बैठक में राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक विवेकानंद सरोवर (बूढ़ा तालाब) में वाॅटर स्पोटर्स सहित तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए चार करोड़ रूपए की लागत से अधोसंरचनाएं विकसित करनेे के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। सभी कार्य पर्यटन नीति के अनुरूप मैनेजमेंट कान्टेक्ट योजना के तहत प्रस्तावित है। बैठक में राज्य के विभिन्न पर्यटनों स्थलों के विकास के लिए प्रस्तावित अनेक योजनाओं का भी अनुमोदन किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी सहित संचालक मंडल के अन्य सदस्य, प्रमुख सचिव वित्त श्री अजय सिंह, सचिव पर्यटन एवं संस्कृति श्री मनोहर पाण्डेय, अपर आयुक्त परिवहन श्री बी.एस.मरावी, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री तपेश झा, माना विमानत्तल के प्रभारी अधिकारी श्री अनिल राॅय सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि बूढ़ा तालाब में फ्लोटिंग रेस्टारेंट, फिश हाउस, स्क्रे हाउस, रोप-वे, बाउंसी रोप, पैडल बोट, मोटर बोट, मोटर बाईक, वाटर बैटरी कार, बैटरी टेªन आदि चलाने की योजना है। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने बांगो बांध, गंगरेल बांध सहित अन्य महत्वपूर्ण जलाशयों में भी वाटर स्पोर्ट्स की सुविधा विकसित करने संयुक्त रूप से प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित होटल छत्तीसगढ़ परिसर में पांच करोड़ रूपए की लागत से पर्यटन भवन बनाने के प्रस्ताव और वित्तीय वर्ष 2011-12 में विभिन्न पर्यटन परिपथ विकास योजनाओं, वे-साइड एमीनिटी तथा डेस्टीनेशन विकास योजनाओं के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। बैठक में राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहंुचने वाले मार्गो पर स्थापित साइनेजेस की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास कार्यो के लिए नये मास्टर प्लान तैयार करने तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के होटल, मोटल, रिसोर्ट्स, विश्राम गृह में मैनेजमेन्ट रूम, गार्ड रूम तथा स्टाफ आवास गृह बनाने के प्रस्ताव पर अनुमोदन भी किया गया। मैनेजमेंट रूम, गार्ड रूम तथा स्टाफ आवास के लिए प्री-फेब्रिकेटेड की संरचना बनायी जाएगी। निजी पूंजी निवेश के माध्यम से दुर्ग जिले के कुम्हारी के पास स्थित पर्यटक बंगले की मरम्मत कराने के प्रस्ताव मंजूरी दी गयी।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय तथा उपाध्यक्ष श्री विजय तिवारी ने बैठक में राज्य में पर्यटन स्थलों के विकास तथा पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित करने के लिए तेजी से कार्य करने की जरूरत पर जोर दिया। संचालक मण्डल की बैठक में राजधानी रायपुर में सर्वसुविधायुक्त होटल बनाने के प्रस्ताव पर भी सैद्धांतिक सहमति दी गयी। पर्यटन मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मैनपाट, सिरपुर और माना तूता पर्यटन केन्द्र का सम्पूर्ण विकास किया जाना जरूरी है। उन्होंने बारनवापारा अभयारण्य में बच्चों के लिए मनोरंजन पार्क विकसित करने प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निजी क्षेत्र के होटल व्यवसाययिओं को और अधिक प्रोत्साहित करने पर्यटन नीति में संशोधन का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित संचालक मण्डल के सदस्य श्री अनूप सूद, श्री शंकर पंसारी, श्री कीर्ति व्यास, श्री गोवर्धन खण्डेलवाल तथा श्री आकाश विग ने भी पर्यटन विकास के लिए अनेक सुझाव दिए।
