शासकीय अनुदान प्राप्त शिक्षक-कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा देकर अच्छा नागरिक बनाने की महती जिम्मेदारी शिक्षकों पर है। शिक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति अपने इस दायित्व का निर्वहन कर समाज और देश के विकास में अपना योगदान दें। श्री अग्रवाल ने कहा कि अभिभावक अपने
बच्चों को इस उम्मीद के साथ स्कूलों में भेजते हैं कि शिक्षा ग्रहण करने से उनके नौनिहालों का भविष्य सुखद होगा। श्री अग्रवाल आज यहां शासकीय अनुदान प्राप्त शिक्षक-कर्मचारी संघ द्वारा आज यहां लक्ष्मी नारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा लिए गए शासकीय अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को नवम्बर 2011 से छठवें वेतनमान का लाभ देने के निर्णय के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल तथा श्री राम प्रताप सिंह का अभिनंदन किया गया।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को गुणात्मक बनाने अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। नई पीढ़ी को अच्छी शिक्षा सुविधा देने अनुदान प्राप्त एवं अशासकीय स्कूलों के योगदान को भी भुलाया नहीं जा सकता। अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षक अपनी बेहतर कार्य प्रणाली से अन्य शिक्षकों को प्रेरणा देने का कार्य कर सकते है। श्री अग्रवाल ने कहा कि देश की उन्नति के लिए जरूरी है कि नई पीढ़ी को हिन्दुस्तान के गौरवशाली इतिहास की जानकारी दी जाए। आज पूरा विश्व मानने लगा है कि 21वीं सदी हिन्दुस्तान का होगा। इसे सफल करने की जिम्मेदारी शिक्षकों पर भी है। वे नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ संस्कारवान भी बनाने पर ध्यान दे। बच्चे आगे चलकर एक जिम्मेदार नागरिक बने, इसमें शिक्षा जगत से जुड़े लोगों को भी अपना योगदान देना चाहिए। श्री अग्रवाल ने कहा कि शासकीय अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को छठवें वेतनमान का लाभ दिलाने का पूरा श्रेय मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को जाता हैं। उन्होंने समारोह में उपस्थित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री रामप्रताप सिंह ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन पर कहा कि लम्बे संघर्ष के बाद शासकीय अनुदान प्राप्त स्कूलों के कर्मियों को छठवें वेतनमान का लाभ मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा सहृदयता और संवेदनशीलता के साथ लिए गए निर्णय के कारण ही यह संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा दान महादान माना जाता है। शिक्षकगण शिक्षादान के माध्यम से बच्चों का भविष्य गढ़ने का काम करते हैं।
शासकीय अनुदान प्राप्त शिक्षक-कर्मचारी संघ के प्रान्ताध्यक्ष श्री संजय दुबे ने स्वागत भाषण दिया। संघ के महामंत्री श्री कृष्णा सिंह ने एक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर शासकीय अनुदान प्राप्त स्कूलों के कर्मियों की अन्य विभिन्न समस्याओं की ओर स्कूल शिक्षा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए शासकीय अनुदान प्राप्त स्कूलों के शिक्षक और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

